गुरुवार 5 नवंबर 2026 - 14:14
स्कूलों और विश्वविद्यालयों में हज़रत फ़ातिमा ज़हरा स.अ.की शिक्षा और व्यक्तित्व का परिचय आम किया जाए।आयतुल्लाह फ़ाज़िल लंकरानी

हौज़ा / मज़कज़े फ़िक़्ही अइम्मा अहलेबैत अ.स. के प्रमुख आयतुल्लाह मोहम्मद जवाद फ़ाज़िल लंकरानी ने कहा कि हज़रत फ़ातिमा ज़हरा स.अ. की वास्तविक पहचान और मरिफत उसी समय हासिल हो सकती है, जब इंसान नबूवत, इमामत, विलायत और क़ुरआने करीम की सही समझ रखता हो। इसलिए ज़रूरत है कि स्कूलों और विश्वविद्यालयों में हज़रत फ़ातिमा ज़हरा स.अ. की सीरत और महान व्यक्तित्व से परिचित कराने के प्रयासों को बढ़ावा दिया जाए।

हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार , आयतुल्लाह मोहम्मद जवाद फ़ाज़िल लंकरानी ने क़ुम में मरकज़े फ़िक़्ही अइम्मा अहलेबैत (अ.स.) के तत्वावधान में आयोजित 16वीं वार्षिक काव्य गोष्ठी ‘महबूबए ख़ुदा’ को संबोधित करते हुए हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) के महान व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। इस कार्यक्रम में उलेमा, शिक्षक, इमामे जुमा व जमात, छात्र और अहलेबैत (अ.स.) से श्रद्धा रखने वाले लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर शायरों ने अपने कलाम के माध्यम से जनाबे फ़ातिमा ज़हेरा (स.अ.) की बारगाह में अपनी अकीदत पेश की।

आयतुल्लाह फ़ाज़िल लंकरानी ने कहा कि हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) के फ़ज़ाइल में पढ़े जाने वाले अशआर और उनकी याद में बहाए जाने वाले आंसू इंसान की मरिफत और आध्यात्मिक समझ में वृद्धि का माध्यम बनते हैं। रिवायतों के अनुसार, आपके नौ मुबारक नाम हैं, जिन्हें अल्लाह तआला ने निर्धारित किया है। इन सभी नामों में गहरे रहस्य और महत्वपूर्ण वास्तविकताएं छिपी हुई हैं। इसलिए इनके अर्थ और उनसे जुड़ी शिक्षाओं का अध्ययन आवश्यक है।

उन्होंने हज़रत फ़ातिमा ज़हेरा (स.अ.) को ‘लैलतुल क़द्र’ बताते हुए कहा कि आपकी वास्तविकता और महान स्थान को पूरी तरह समझना इंसानी क्षमता से बाहर है। यदि इंसान क़यामत तक आपकी मरिफत हासिल करने का प्रयास करता रहे, तब भी आपकी वास्तविक महानता और मकाम की पूर्ण पहचान नहीं कर सकता।

उन्होंने आगे कहा कि पैग़म्बरे इस्लाम हज़रत मोहम्मद मुस्तफ़ा स.अ.व.की रिवायतों के अनुसार, हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) का नूर आसमानों, ज़मीन, पूरी कायनात और फ़रिश्तों की पैदाइश से पहले मौजूद था। आपकी इबादत का मकाम भी इतना बुलंद था कि जब आप इबादत के लिए खड़ी होती थीं, तो अल्लाह तआला फ़रिश्तों के सामने आप पर फ़ख्र फरमाता था।

आयतुल्लाह फ़ाज़िल लंकरानी ने कहा कि हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) के नामों, विशेष रूप से ‘फ़ातिमा’ और ‘ज़हरा’ में विशेष अर्थ और मरिफत के पहलू छिपे हुए हैं। आपका मकाम इतना ऊंचा है कि अल्लामा मजलिसी ने फ़ज़ाइल से संबंधित रिवायतों के आधार पर आपको पैग़म्बरे इस्लाम (स.अ.व.) के अलावा तमाम उलुल अज़्म पैग़म्बरों से श्रेष्ठ बताया है।

अंत में उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) की मरिफत हासिल करने के लिए अल्लाह तआला से दुआ और तवस्सुल करना चाहिए। आपको सही अर्थों में वही पहचान सकता है, जिसे नबूवत, इमामत, विलायत और क़ुरआने करीम की मरिफत हासिल हो। इसलिए स्कूलों और विश्वविद्यालयों में फ़ातिमा शनासी हज़रत फ़ातिमा ज़हरा की पहचान और शिक्षाओं का अध्ययन को बाकायदा बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

टैग्स

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
captcha